Subscribe to our YouTubeChannel

कई मामलों में वांछित माफिया मुख्तार अंसारी को पंजाब की रोपड़ जेल प्रशासन ने उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंपने से मना कर दिया है। रोपड़ जेल प्रशासन ने इसकी वजह मुख्तार की बीमारी और डॉक्टरों की सलाह बताई है। वहीं जेल अधिकारी इस मामले में चुप्पी साधे हैं। सिविल सर्जन दफ्तर से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्तार अंसारी का पहले फरवरी में मेडिकल कराया गया। इसके बाद 13 अगस्त को मेडिकल करवाया गया है।

सिविल सर्जन डॉ. दविंदर कुमार ने बताया कि डॉक्टरों का बोर्ड बनाकर मुख्तार अंसारी का मेडिकल किया गया था। उसकी रीढ़ की हड्डी में समस्या है और वह मधुमेह के अलावा डिप्रेशन की बीमारी से भी पीड़ित है। डॉक्टरों ने मुख्तार अंसारी को तीन महीने का बेड रेस्ट करने की सलाह दी है। रोपड़ जेल प्रशासन ने इसी मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर यूपी पुलिस को मना किया है कि मुख्तार अंसारी इतना लंबा सफर करने के लिए सक्षम नहीं है।

सूत्रों के अनुसार उत्तर प्रदेश पुलिस के करीब 15 कर्मचारी रोपड़ आए थे। यह पुलिसकर्मी शहर की जैन धर्मशाला में रहने के लिए कमरे लेने गए थे। बाद में वह यहां पर नहीं ठहरे। बताया गया इनमें से दो पुलिस कर्मचारी मुख्तार अंसारी को समन देने सोमवार को रोपड़ जिला जेल गए थे। मुख्तार अंसारी फरवरी 2019 से भी पहले से रोपड़ जेल में बंद है। यूपी पुलिस अंसारी पर दर्ज मामलों में अदालत में पेश करने के लिए उसे ले जाना चाहती है। सुरक्षा कारणों के चलते मुख्तार अंसारी को जेल में अन्य कैदियों से अलग रखा गया है।